देहरादून – होमगार्ड स्थापना दिवस के मौके पर उत्तराखंड में जवानों ने रैतिक परेड का आयोजन किया। कमांडेंट जनरल केवल खुराना के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान नागरिक सुरक्षा संगठन की झांकी भी शामिल रही। वहीं, होमगार्ड जवानों ने कई तरह के करतब भी दिखाए।
बता दें कि होमगार्ड मुख्यालय नानुरखेड़ा में हर वर्ष छह दिसंबर को परेड का आयोजन किया जाता है। सीएम धामी ने इस मौके पर कई घोषणाएं भी की।
सीएम धामी ने की घोषणाएं:
- उत्तराखण्ड राज्य के 10 जनपदों यथा ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़, चम्पावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, रूद्रप्रयाग, पौड़ी, उत्तरकाशी और टिहरी में होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की एक-एक महिला प्लाटून (कुल संख्या 330) महिला होमगार्ड्स के पदों पर भर्ती होगी।
- उत्तराखण्ड राज्य में एक जनपद से दूसरे जनपद की अन्तर्जनपदीय ड्यूटी तथा राज्य की सीमा के अन्तर्गत निर्वाचन ड्यूटी एवं रैतिक परेड में तैनात होने वाले होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को रू० 180/- प्रतिदिन प्रतिहोमगार्ड भोजन भत्ता प्रदान किये जाने की घोषणा की है।
- होमगार्ड्स ड्यूटी के 24 घण्टे के भीतर घायल / बीमार होने वाले होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को पूरे सेवाकाल में चिकित्सालय में भर्ती होने पर अधिकतम 06 माह तक ड्यूटी भत्ता प्रदान किये जाने की घोषणा की है।
- अवैतनिक प्लाटून कमाण्डर के मानदेय में रू० 1000/- से रू0 1500/- प्रतिमाह, अवैतनिक सहायक कम्पनी कमाण्डर के मानदेय में रू0 1200/- से रू० 2000/- प्रतिमाह तथा अवैतनिक कम्पनी कमाण्डर के मानदेय में रू0 1500/- से रू0 2500/- की गई है।