Haridwar
हरिद्वार जेल में 15 कैदी एचआईवी पॉजिटिव पाए गए, प्रशासन में मच गया हड़कंप…
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिला कारागार से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां जेल में बंद 15 कैदी एचआईवी पॉजिटिव पाए गए हैं। यह स्थिति तब सामने आई जब जेल में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और इन सभी कैदियों के लिए एक अलग बैरक तैयार किया गया है, जहां केवल एचआईवी पॉजिटिव कैदी रह रहे हैं।
हरिद्वार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने जानकारी दी कि 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर जेल में स्वास्थ्य कैंप लगाया गया था। इस दौरान सभी बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस जांच में 15 कैदी एचआईवी पॉजिटिव पाए गए। रिपोर्ट के अनुसार, इन सभी कैदियों का उपचार शुरू कर दिया गया है और उनकी स्थिति पर ध्यान रखा जा रहा है।
साथ ही, जेल प्रशासन इन कैदियों के इलाज के साथ-साथ अन्य बंदियों के बीच जागरूकता फैलाने का भी काम कर रहा है ताकि इस बीमारी को लेकर कोई भ्रम उत्पन्न न हो। मनोज कुमार आर्य ने बताया कि एचआईवी पॉजिटिव कैदियों को एक अलग बैरक में रखा गया है और उनका नियमित उपचार जारी है।
आपको बता दें कि इससे पहले 2017 में भी हरिद्वार जेल में मेडिकल जांच के दौरान 16 कैदी एचआईवी पॉजिटिव पाए गए थे। वर्तमान में जेल में कुल 1100 कैदी बंद हैं। प्रशासन एचआईवी के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हरसंभव कदम उठा रहा है।