Delhi
26/11 मुंबई हमले के गुनहगार और लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ अब्दुल रहमान मक्की की मौत !
नई दिल्ली : 26/11 मुंबई हमले के गुनहगार और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ अब्दुल रहमान मक्की की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। मक्की, जो हाफिज सईद का रिश्तेदार था, लश्कर के आतंकवादी फंडिंग नेटवर्क का प्रमुख था। उसे अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र द्वारा ग्लोबल आतंकवादी घोषित किया गया था।
मक्की को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने ISIL (दा’एश) और अल-कायदा प्रतिबंध समिति के तहत लिस्टेड किया था, जिसके कारण उसकी प्रॉपर्टी फ्रीज कर दी गई थी, साथ ही यात्रा पर प्रतिबंध और हथियार रखने पर रोक लगा दी गई थी।
मक्की लश्कर-ए-तैयबा के राजनीतिक विंग का नेतृत्व कर रहा था और जमात-उद-दावा का मुखिया भी था। उसे भारत में बड़े आतंकी हमलों में सीधी भूमिका के लिए जाना जाता है।
भारत में लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख आतंकी हमले:
- लाल किला हमला (2000) – 6 लश्कर आतंकियों ने लाल किले में घुसकर फायरिंग की थी।
- 26/11 मुंबई हमला (2008) – 10 लश्कर आतंकियों ने मुंबई में अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें 175 लोग मारे गए।
- रामपुर हमला (2008) – सीआरपीएफ के काफिले पर हमला हुआ, जिसमें 7 जवान और एक नागरिक मारे गए।
- श्रीनगर सीआरपीएफ कैंप हमला (2018) – सीआरपीएफ कैंप पर आत्मघाती हमले में 1 जवान शहीद हुआ।
- शुजात बुखारी की हत्या (2018) – लश्कर ने राइजिंग कश्मीर के एडिटर शुजात बुखारी और उनके सुरक्षा गार्डों को मार डाला।
पाकिस्तान में मक्की की स्थिति:
15 मई 2019 को मक्की को पाकिस्तान में गिरफ्तार किया गया था और 2020 में टेरर फंडिंग के आरोप में उसे सजा सुनाई गई थी। गिरफ्तारी के बाद वह लाहौर में हाउस अरेस्ट था। अब मक्की की मौत से लश्कर-ए-तैयबा के संचालन और टेरर फंडिंग गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ सकता है।