देहरादून : उत्तराखंड में आज निकाय चुनाव के तहत मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो गया और अब तक राज्यभर में 30 लाख से ज्यादा वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। ये वोटर कुल 5405 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं।
आज राज्य के 100 निकायों में मतदान हो रहा है, जिनमें 11 नगर निगम, 43 नगर पालिकाएं और 46 नगर पंचायतें शामिल हैं। इन निकायों में मेयर, अध्यक्ष, वार्ड सदस्य और पार्षद के पदों के लिए 5405 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
निर्वाचन आयोग की तैयारी और सुरक्षा इंतजाम
निर्वाचन आयोग ने इन चुनावों के लिए 16,284 कर्मचारी को ड्यूटी पर तैनात किया है, साथ ही 25,800 पुलिसकर्मी भी चुनाव की सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। यह चुनाव प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में शांति और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं।
वोटिंग प्रतिशत का अपडेट
दिन के 2 बजे तक राज्यभर में औसतन 42.19 फीसदी वोटिंग हो चुकी थी। विभिन्न जिलों में वोटिंग प्रतिशत में अंतर देखा गया। सबसे ज्यादा मतदान रुद्रप्रयाग में हुआ, जहां वोटिंग प्रतिशत 46.75 फीसदी रहा। वहीं, देहरादून में सबसे कम 36.09 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई।
वोटिंग प्रतिशत के अनुसार, प्रमुख जिलों में वोटिंग का अपडेट इस प्रकार रहा:
- अल्मोड़ा: 42.68%
- बागेश्वर: 42.57%
- चमोली: 44.08%
- चंपावत: 42.22%
- देहरादून: 36.09%
- हरिद्वार: 44.38%
- नैनीताल: 40.06%
- पौड़ी: 43.19%
- पिथौरागढ़: 41.02%
- रुद्रप्रयाग: 46.75%
- टिहरी: 38.58%
- उधम सिंह नगर: 44.02%
- उत्तरकाशी: 42.34%