Chamoli

बदरीनाथ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, पिकअप और कार की आमने-सामने भिड़ंत, 8 लोग घायल

Chamoli news

Published

on

Chamoli news : उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार शाम बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। यहां तेज टक्कर के बाद पिकअप और राजस्थान नंबर की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कुल आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चमोली में दर्दनाक सड़क हादसा

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम लामबगड़ के समीप पिकअप और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। पिकअप में छह लोग सवार थे, जबकि कार में दो यात्री मौजूद थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने पहुंचकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

दुर्घटना की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम की मदद से वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी आठ घायलों को जेपी कंपनी के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

चार घायलों की हालत गंभीर, जोशीमठ रेफर

अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। चार लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोशीमठ रेफर कर दिया गया है। वहीं, अन्य चार घायलों का जेपी अस्पताल में उपचार जारी है। कार में सवार यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं.

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के मुताबिक, दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। फिलहाल हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पहाड़ी रास्तों पर लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version