Crime
काठगोदाम स्टेशन पर मिली ट्रेन से 108 किलोमीटर दूर से आई लाश, जांच जारी…
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर खड़ी बाघ एक्सप्रेस ट्रेन के दिव्यांग कोच में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान बरेली पोस्ट ऑफिस में तैनात 37 वर्षीय भानु प्रताप के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि भानु ने ट्रेन में चढ़ते समय विषाक्त पदार्थ का सेवन किया हो सकता है।
काठगोदाम जीआरपी थानाध्यक्ष नरेश कोहली के अनुसार, बुधवार 28 मई को बाघ एक्सप्रेस काठगोदाम स्टेशन पर देर से पहुंची। ट्रेन के रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दिव्यांग कोच में भानु प्रताप को बेसुध पाया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से आधार कार्ड, मोबाइल फोन और संदिग्ध विषाक्त पदार्थ बरामद हुआ है।
पुलिस और परिवार के मुताबिक, भानु प्रताप शास्त्रीनगर बरेली के निवासी थे। पांच साल पहले एक सड़क हादसे में उनका एक पैर कट गया था। पिछले एक महीने से वे मानसिक तनाव में थे और काम पर नहीं गए थे। परिवार ने बताया कि वे अक्सर बिना बताए ट्रेन में कहीं भी चले जाते थे।
भानु प्रताप का शव बरेली से काठगोदाम तक करीब 108 किलोमीटर तक ट्रेन में सफर करता रहा, लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लगी। इस मामले ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। जीआरपी ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।