Nainital
नशे में धुत महाराष्ट्र के पर्यटक ने होटल में मचाया हंगामा, शीशा तोड़कर हुआ लहूलुहान….
नैनीताल: नैनीताल में घूमने आए महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी 33 वर्षीय अविनाश बनसोडे ने मंगलवार शाम एक होटल में नशे की हालत में जमकर हंगामा मचाया। अविनाश ने अपनी कोहनी से होटल के मुख्य गेट का शीशा तोड़ दिया और लहूलुहान हालत में खूब हंगामा किया। पूरी घटना होटल के सीसीटीवी में कैद हो गई।
मल्लीताल के मोहन चौक के पास स्थित होटल में अविनाश ने शराब पीने के बाद अर्धनग्न होकर रिसेप्शन पर हंगामा करना शुरू कर दिया। होटल स्टाफ और प्रबंधन ने उसे शांत करने की कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। सीसीटीवी फुटेज में दिखता है कि अविनाश को होटल से बाहर जाने से रोका गया, लेकिन उसने कांच के दरवाजे पर अपनी कोहनी से जोरदार हमला कर उसे तोड़ दिया।

लहूलुहान होते हुए अविनाश होटल से बाहर निकल आया और सड़क पर बैठ गया। उसे खून बहते देख राहगीरों और होटल प्रबंधन ने उसे बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके हाथ में 70 टांके लगाए। बाद में उसे हल्द्वानी रेफर किया गया।
होटल प्रबंधक प्रदीप बोरा ने बताया कि अविनाश और उसके साथी महाराष्ट्र से आए थे और पहले सामान्य थे, लेकिन शाम होते-होते वह नशे में बुरा बर्ताव करने लगे। उन्होंने बताया कि अविनाश ने दावा किया था कि वह महाराष्ट्र पुलिस से ताल्लुक रखते हैं। नैनीताल पुलिस मामले की जांच कर रही है।