Dehradun
क्रिसमस के अवसर पर राजभवन में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने दी शुभकामनाएं !
देहरादून: क्रिसमस पर्व के मौके पर राजभवन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें देहरादून के विभिन्न चर्चों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत क्रिसमस केक काटने से हुई, जिसके बाद बच्चों और युवाओं ने शानदार क्रिसमस कैरोल प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर सेंट जॉन्स चर्च, सेंट मॉरिसन मेमोरियल चर्च, सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च और सेंट थॉमस चर्च के प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से कैरोल गायन किया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शिरकत की और सभी को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि क्रिसमस प्रेम, करुणा और सेवा का पर्व है, जो हमें आपसी सद्भाव और एकता की महत्वपूर्ण शिक्षा देता है।
राज्यपाल ने इस अवसर को सभी धर्मों और समुदायों के बीच समन्वय और भाईचारे को बढ़ावा देने का एक आदर्श अवसर बताया। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत हमें सभी त्योहारों को मिलकर मनाने की प्रेरणा देती है, जिससे समाज में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम के समापन पर राज्यपाल ने सभी उपस्थित लोगों को क्रिसमस और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं, साथ ही यह कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए।
#Christmascelebration, #RajBhavanDehradun, #GovernorGurmeetSingh, #Christmascarol, #Unityandharmony