Pithauragarh

पिथौरागढ़ में पहाड़ी से गिरे विशाल पत्थर ने ली 12 वर्षीय बालक की जान, चार लोग घायल

Published

on

 

जिले के जाजरदेवल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवत में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रात्रि लगभग 01:52 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक मकान पर ऊँची पहाड़ी से विशाल पत्थर गिर गया है।

पिथौरागढ़: जिले के जाजरदेवल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवत में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रात्रि लगभग 01:52 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक मकान पर ऊँची पहाड़ी से विशाल पत्थर गिर गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया। तुरंत ही क्षेत्राधिकारी गोविंद बल्लभ जोशी, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दया किशन फायर रेस्क्यू टीम के साथ, थानाध्यक्ष जाजरदेवल मनोज पांडेय अपनी पुलिस टीम तथा एसडीआरएफ के जवानों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

मौके पर पहुँचने पर देखा गया कि ग्राम देवत में पहाड़ी से टूटकर एक विशालकाय पत्थर दो घरों — रघुवीर प्रसाद और नरेश राम — पर गिरा था। इस हृदयविदारक हादसे में दिल्ली निवासी 12 वर्षीय बालक पूज्य कुमार (उर्फ प्रिंस), जो छुट्टियों में गांव आया हुआ था, पत्थर की चपेट में आकर गंभीर रूप से दब गया। संयुक्त बचाव टीमों द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद उसे मलबे से निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है और अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है। इस हादसे में चार अन्य लोग भी सामान्य रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।

प्रशासन की तत्परता और संयुक्त रेस्क्यू टीम की मुस्तैदी से एक बड़ी जनहानि टल गई, लेकिन एक मासूम की असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को शोक में डाल दिया है।
स्थानीय प्रशासन द्वारा पहाड़ी क्षेत्रों में भू-स्खलन और पत्थर गिरने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version