Crime
कनाडा से सोने के जेवरात भेजने के नाम पर महिला से 18 लाख की ठगी, झारखंड से गिरफ्तार हुआ आरोपी !
नई टिहरी: कनाडा से सोने के जेवरात भेजने के नाम पर एक महिला से 18 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के आरोप में पुलिस ने झारखंड के धनबाद से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से 35 लाख रुपये से अधिक का माल भी बरामद किया गया है। यह आरोपी एक अंतरराष्ट्रीय साइबर गैंग से जुड़ा हुआ था, जो पाकिस्तान तक फैला हुआ था।
एसएसपी टिहरी आयुष अग्रवाल के अनुसार, यह मामला 16 अगस्त 2024 को तब सामने आया जब पवित्र देवी नामक महिला ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को मनीष चौधरी बताते हुए उसे कनाडा से सोने की ज्वेलरी भेजने का वादा किया था। बाद में उसे कस्टम ड्यूटी का बहाना बनाकर 18 लाख रुपये जमा करने को कहा गया। इसके बाद जब महिला को उपहार नहीं मिला तो उसने ठगी का एहसास किया।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने महिला द्वारा भेजे गए पैसों को सात विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर किया था। इसके बाद जांच में यह खुलासा हुआ कि इन खातों को झारखंड के पप्पू कुमार साव ने साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस ने धनबाद पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया, जो किसी मामले में पहले से जेल में बंद था। उसे अब ट्रांजिट रिमांड पर टिहरी लाया गया है।
आरोपी ने विभिन्न इंटरनेट प्लेटफार्मों पर झारखंड, बंगाल, बिहार आदि राज्यों के युवकों को ठगी के लिए बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराने का लालच दिया। इसके बदले उन्हें ठगी की रकम का कुछ प्रतिशत दिया जाता था, जबकि अधिकांश धनराशि पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के पास पहुंचती थी।
पुलिस अब अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। जिन खातों से ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी, उनमें से एक खाताधारक की आत्महत्या हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपित जेल में बंद हैं। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है और अन्य आरोपितों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
#Cyberfraud #Goldjewelryscam #Internationalcybergang #Bankaccountfraud #Jharkhandpolice arrest