Dehradun
जनता एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर युवक की मौत, वंदे भारत ट्रेन भी रही लेट
रायवाला(देहरादून): रायवाला रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक अज्ञात युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 9:45 बजे की है। बताया जा रहा है कि युवक ने जनता एक्सप्रेस ट्रेन के सामने रेलवे ट्रैक पर सिर रखकर जान दे दी।
सूचना मिलने के बाद जीआरपी व रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को ट्रैक पर युवक का सिर और धड़ अलग-अलग जगहों पर मिला, जिससे साफ है कि मौत मौके पर ही हो गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी में रखवाया गया है।
जनता एक्सप्रेस के लोको पायलट ने बताया कि ट्रेन को अचानक रोकना संभव नहीं था। उन्होंने रायवाला स्टेशन पहुंचते ही अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद संबंधित पुलिस टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और जरूरी कार्रवाई शुरू की।
कोतवाली रायवाला प्रभारी निरीक्षक बीएल भारती ने बताया कि मृतक युवक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। युवक के पास से कोई पहचान पत्र या मोबाइल नहीं मिला। पुलिस द्वारा आस-पास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है।
इस हादसे का असर हरिद्वार से देहरादून जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी पड़ा, जिसे रायवाला जंक्शन पर करीब 25 मिनट तक रोका गया। मामले की जांच के बाद ही ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
#TrainAccident #RailwayTrackDeath #YouthSuicide #DehradunRaiwala