Almora
अल्मोड़ा बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला, ग्रामीणों में डर का माहौल
अल्मोड़ा: जनपद के ग्रामीण इलाके से बुजुर्ग महिला की हत्या की हृदय विदारक खबर सामने आई है। लमगड़ा ब्लॉक के सांगण साहु गांव के बीचों-बीच स्थित घर में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गई। महिला के गले से गलोबंद गायब होने और शरीर पर चोट के निशान मिलने से लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
गांव के बीचों-बीच बुजुर्ग महिला की हत्या
अल्मोड़ा जनपद के लमगड़ा ब्लॉक के सांगण साहु गांव के बीचों-बीच स्थित घर में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंगा देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। रोजमर्रा के कार्यों के लिए जब गंगा देवी घर से बाहर नहीं निकली तो पड़ोसियों ने उनके घर में जा कर देखा। जहाँ पर घर का दरवाजा खुला और टीवी चालू मिला। गंगा देवी बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी मिली, जिसके बाद पड़ोसियों ने महिला के पति और बेटे को फ़ोन कर जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गंगा देवी घर में अकेले रहती थी। महिला का पति मोहन सिंह, लमगड़ा बाजार में एक रेस्टोरेंट चलाता है और ज्यादातर समय वहीं रहता है। मृतका का बेटा रविंद्र चंडीगढ़ में नौकरी करता है। सूचना मिलने पर पति और पुत्र ने गाँव आकर मामले की जानकारी लमगड़ा पुलिस थाने में दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने लूटपाट के लिए हत्या की आशंका जताई
पुलिस के अनुसार मृतका के कानों से खून बह रहा था। गले पर निशान के साथ गलोबंद भी गायब था, जबकि अन्य आभूषण घर में सुरक्षित मिले। इससे घटना को लूटपाट के नजरिए से जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन वारदात वाले घर का गाँव के बीचों -बीच होने से कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। साथ ही इस से ग्रामीणों में डर का माहौल है।
एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना के वास्तविक परिणामों का पता चल पाएगा। फ़िलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। साथ ही सुराग जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है।