Almora

अल्मोड़ा: डेयरी में गैस सिलेंडर लीक से लगी भीषण आग, पिता-पुत्र झुलसे…

Published

on

अल्मोड़ा। एलआरसाह रोड स्थित चांदनी चौक इलाके में सोमवार सुबह एक निजी दूध की डेयरी में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय डेयरी में दूध लेने के लिए लोगों की भीड़ लगी थी। आग लगने से पूरी डेयरी जलकर खाक हो गई, जबकि मालिक गोपाल सिंह सांगा और उनका पुत्र रविन्द्र झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डेयरी में अचानक गैस सिलेंडर से गैस लीक होने लगी, जिसके कुछ ही पलों बाद जोरदार आग भड़क उठी। रिहायशी क्षेत्र में आग फैलते देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। डेयरी मालिक और उनका बेटा आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान दोनों आग की चपेट में आ गए।

आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अग्निशमन अधिकारी महेश कुमार ने बताया कि लकड़ी के बने दो मंजिला भवन में आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया था। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।

एफएसओ के अनुसार, दुकान के अंदर चार सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें से एक में लीक होने की आशंका है। आग से दुकान में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है।

जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. एच.सी. गढ़कोटी ने बताया कि गोपाल सिंह सांगा 37 प्रतिशत, जबकि उनके पुत्र रविन्द्र 20 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। दोनों का उपचार चल रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।

#AlmoraFireIncident #DairyShopBlaze #GasCylinderLeakFire #FatherSonInjuredFire #UttarakhandFireNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version