almora
शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को नम आँखों से दी अंतिम विदाई, अल्मोड़ा में किया गया अंतिम संस्कार
Almora News : अल्मोड़ा के लिए रविवार का दिन बेहद भावुक और गमगीन रहा। भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर तैनात अल्मोड़ा निवासी वीरेश्वर गोस्वामी को पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
Table of Contents
शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को नम आँखों से दी अंतिम विदाई
जम्मू-कश्मीर के रजौरी सेक्टर में आतंकवाद विरोधी अभियान शेरूवाली के दौरान उनका निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर के अल्मोड़ा पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोगों ने अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अल्मोड़ा के पांडेखोला निवासी 25 वर्षीय लेफ्टिनेंट वीरेश्वर गोस्वामी भारतीय सेना की 5 असम यूनिट में तैनात थे। वर्तमान में उनकी तैनाती हमीरपुर में थी। जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के रजौरी सेक्टर में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान शेरूवाली के दौरान वह पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी दल का नेतृत्व कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वो गहरी खाई में गिर गए और वीर गति को प्राप्त हो गये।
अल्मोड़ा के विश्वनाथ घाट में किया गया अंतिम संस्कार
रविवार शाम शहीद लेफ्टिनेंट वीरेश्वर गोस्वामी का पार्थिव शरीर उनके पैतृक निवास पांडेखोला लाया गया। लोगों ने पुष्प वर्षा कर शहीद को श्रदांजलि दी । उनके निवास पर परिजनों, जनप्रतिनिधियों, सैन्य अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

वीरेश्वर गोस्वामी की शहादत से पूरे अल्मोड़ा में शोक की लहर
इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए अल्मोड़ा के विश्वनाथ घाट ले जाया गया, जहां पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान सेना के जवानों ने गार्ड आफ ऑनर देकर शहीद वीरेश्वर को अंतिम सलामी दी ।
वीरेश्वर गोस्वामी की शहादत से पूरे अल्मोड़ा जिले में शोक की लहर है। हर आंख नम थी और हर जुबां पर अपने वीर सपूत के लिए सम्मान और गर्व के भाव थे।