Dehradun
मिलिट्री पुलिस कंट्रोल रूम पर साइबर हमला करने की कोशिश, पाक से जुड़े संदिग्ध मैसेज भेजे गए…
देहरादून : राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र स्थित मिलिट्री पुलिस कंट्रोल रूम (एमपीसीआर) को साइबर हमले का निशाना बनाने की कोशिश की गई है। सेना की ओर से साइबर अपराध थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, कंट्रोल रूम को पाकिस्तान से संदिग्ध एपीके फाइल और संदेश भेजे गए।
घटना चार और पांच मई की है, जब एमपीसीआर के नंबर पर दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संदिग्ध संदेश प्राप्त हुए। पहले दिन भारत-पाकिस्तान से जुड़ा एक अधूरा संदेश और एक एपीके (APK) फाइल भेजी गई। अगले दिन “नई एसओपी और पॉलिसी मई-2025” नामक एक और एपीके फाइल प्राप्त हुई। सेना के अधिकारियों ने सतर्कता बरतते हुए फाइल डाउनलोड नहीं की। अनुमान है कि अगर फाइल इंस्टॉल की जाती, तो सिस्टम को हैक किया जा सकता था।
सेना ने इस घटना को गंभीर साइबर हमले की कोशिश मानते हुए क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस और साइबर अपराध शाखा को इसकी सूचना दी। 14 मई को अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
क्लेमेंटटाउन थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि साइबर थाने से प्राप्त प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जिन मोबाइल नंबरों से ये मैसेज भेजे गए थे, उनकी पहचान और लोकेशन ट्रेस की जा रही है।
#CyberAttack #MilitaryPolice #DehradunIncident #SuspiciousAPK #PakistanLink