Dehradun
ऑस्ट्रेलिया के टनल विशेषज्ञ प्रो. अर्नोल्ड डिक्स ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की मुलाकात, सिलक्यारा रेस्क्यू अभियान पर लिखी पुस्तक भेंट की…
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से ऑस्ट्रेलिया के प्रसिद्ध टनल विशेषज्ञ प्रो. अर्नोल्ड डिक्स ने हाल ही में मुलाकात की। इस दौरान, प्रो. डिक्स ने मुख्यमंत्री को अपनी पुस्तक ‘द प्रोमिस’ भेंट की, जो उन्होंने सिलक्यारा रेस्क्यू अभियान पर लिखी है। प्रो. डिक्स के नेतृत्व में ही सिलक्यारा टनल बचाव अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ था।
बता दें कि 12 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी के सिलक्यारा और बड़कोट के बीच बन रही निर्माणाधीन सुरंग में अचानक धंसाव हो गया था, जिसके कारण 41 श्रमिक सुरंग के भीतर फंस गए थे। सुरंग में मलबा गिरने के कारण यह हादसा हुआ था, जिसके बाद बचाव कार्य की शुरुआत की गई।
प्रो. डिक्स और उनकी टीम ने श्रमिकों की मदद के लिए पाइपों के जरिए ऑक्सीजन, पानी, बिजली, और पैक भोजन की आपूर्ति की, साथ ही वॉकी-टॉकी के माध्यम से फंसे हुए श्रमिकों से संवाद स्थापित किया गया। इस कठिन और जोखिमपूर्ण अभियान में पांच अलग-अलग योजनाओं पर काम किया गया, जिसके 17 दिन बाद श्रमिक सुरक्षित बाहर आ पाए।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रो. डिक्स के इस अद्वितीय प्रयास की सराहना की और राज्य में इस प्रकार के अभियानों के प्रति समर्पण को महत्वपूर्ण बताया।
#TunnelExpert, #RescueOperation, #ChiefMinister, #BookPresentation, #SilkyaraTunnel, #cmdhami