Bageshwar
उत्तराखंड में सनसनी!, स्कूल पहुंचने से पहले प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Bageshwar News : उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की स्कूल जाते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
Table of Contents
बागेश्वर में प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या
बागेश्वर के भटकोला में 55 वर्षीय दयानंद टम्टा शनिवार सुबह रोज की तरह अपने विद्यालय के लिए निकले थे। वाहन मुख्य सड़क पर खड़ा करने के बाद वह पैदल स्कूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद विद्यालय के कर्मचारी नवल किशोर ने उन पर अचानक चाकू से हमला कर दिया।
स्कूल के क्लर्क ने ही वारदात को दिया अंजाम
बताया जा रहा है कि आरोपी ने प्रधानाचार्य पर लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही सड़क पर गिर पड़े। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल प्रधानाचार्य को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर क्षेत्राधिकारी कपकोट के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी नवल किशोर सोराड़ी को बागेश्वर रोड स्थित करालागांव यात्री शेड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।