Crime
जीजा ने साली के साथ कर डाली धोखाधड़ी , 19 लाख रूपये लेकर हुआ फरार , मुकदमा दर्ज….
नैनीताल : नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक महिला ने अपने जीजा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। महिला ने मुखानी थाने में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उसके जीजा ने उसे पैसों को दोगुना करने का झांसा देकर उससे 19 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कमलुवागांजा निवासी महिला सुशीला ने अपने जीजा , जो कि गाजियाबाद के विजय नगर में एलआईसी एजेंट के रूप में काम करते हैं, के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाया। महिला ने बताया कि उसके जीजा ने उसे एलआईसी में निवेश करने के लिए बहला-फुसलाकर 19 लाख रुपये मांगे। सुशीला ने यह राशि एफडी और तीन एलआईसी पॉलिसी तुड़वाकर दी। आरोपी ने महिला को फर्जी रसीद भी दी, जिसमें यह लिखा था कि उसकी राशि एलआईसी में निवेश हो गई है।
इसके अलावा, आरोपी ने महिला से ढाबा खोलने के लिए चार लाख रुपये भी लिए। उसने वादा किया था कि 19 लाख रुपये के बदले 34 लाख रुपये उसे वापस मिलेंगे। बाद में बहनोई ने सेकेंड हैंड वाहन दिलाने के नाम पर महिला से 1.30 लाख रुपये और ले लिए। यह पूरा लेन-देन 2022 से फरवरी 2023 के बीच हुआ था।
महिला का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगने की कोशिश की, तो जीजा ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद, महिला और जीजा के परिवार वालों के बीच पैसे लौटाने की सहमति बनी, लेकिन परिवार के लोग अब उल्टा उसे धमका रहे हैं। महिला ने बताया कि जीजा के परिवार वालों ने उसे गाजियाबाद से कहीं और भेज दिया और गाजियाबाद में जीजा की गुमशुदगी भी दर्ज करवा दी।
मुखानी पुलिस ने महिला की तहरीर पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
#Haldwani #FraudCase #PoliceInvestigation #Nainital #WomenRights #LegalAction #LICFraud #CheatingCase #ThanaMukhaani