Dehradun
उत्तराखंड में सरकारी सेवाओं में बंपर भर्ती: 289 अधिकारियों को मिली नियुक्ति !
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में राज्य सिविल / प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा -2021 के अंतर्गत चयनित 19 विभागों के 289 अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। पिछले तीन वर्षों में राज्य सरकार ने 17,500 से अधिक अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में नियुक्त किया है, जो कि एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने सभी चयनित अधिकारियों को बधाई दी और कहा, “आज हमारे इन युवा अधिकारियों के जीवन में एक नई शुरुआत हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में इन कर्णधारों का योगदान महत्वपूर्ण होगा।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह युवा अधिकारी आजादी के अमृत काल के सिपाही हैं, जो विकसित भारत के सपने को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में इन अधिकारियों की नियुक्ति से जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी, जिससे व्यवस्था को नई गति और दिशा मिलेगी।”
धामी ने बताया कि उनकी सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया था कि राज्य के सरकारी विभागों में रिक्त 24,000 पदों को भरा जाएगा। वर्तमान में कई पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है।
आधिकारिक नियुक्ति विवरण: आज जिन 289 अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए, उनमें शामिल हैं:
- 10 डिप्टी कलेक्टर
- 10 डिप्टी एसपी
- 18 वित्त अधिकारी
- 28 खंड विकास अधिकारी
- 32 उप शिक्षा अधिकारी
- और अन्य विभिन्न पदों के अधिकारी।
मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने कार्यक्षेत्र में नियमित नवाचार लाएं और केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा, “इन अधिकारीयों का कार्य सरकार और जनता के बीच सेतु का होगा।”
धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि ये कर्मयोगी अपनी प्रशासनिक क्षमता के माध्यम से आम जन की सेवा करते हुए राज्य को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाएंगे।
राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड ने नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो राज्य की विशिष्ट पहचान को दर्शाता है।