International
नए साल पर बुर्का और नकाब पर लगा प्रतिबंध, जानिए इसके पीछे की वजह….
स्विट्जरलैंड : स्विट्जरलैंड में नए साल से सार्वजनिक स्थलों पर चेहरा ढकने पर सख्त प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। इसके तहत अब बुर्का, नकाब या किसी अन्य प्रकार से चेहरे को ढकने वाले व्यक्तियों पर 1000 स्विस फ्रैंक्स का जुर्माना लगाया जा सकता है।
स्विट्जरलैंड में 2021 के जनमत संग्रह के दौरान 51.21% नागरिकों ने चेहरा ढकने पर पाबंदी लगाने के पक्ष में वोट किया था। इसके बाद स्विस पीपुल्स पार्टी ने इस कानून के लिए प्रस्ताव रखा था। यह कानून मुस्लिम महिलाओं के बुर्के और नकाब पर भी लागू होता है, और इसे ‘बुर्का बैन’ के रूप में पेश किया जा रहा है।
स्विट्जरलैंड की 86 लाख की आबादी में सिर्फ पांच प्रतिशत मुस्लिम हैं, जिनमें से अधिकांश तुर्किये, बोस्निया और कोसोवो मूल के हैं। यहां सिर्फ 30 महिलाएं ही नकाब पहनती हैं। इसके बावजूद, यह प्रस्ताव संसद में पारित किया गया और 1 जनवरी 2025 से लागू हो गया।
स्विट्जरलैंड में इस प्रतिबंध का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर नाक, मुंह और आंखों को ढकने से संबंधित मामलों को नियंत्रित करना है, हालांकि, कुछ छूट भी दी गई है। विमानों, राजनयिक परिसरों और धार्मिक स्थलों पर चेहरा ढकने की अनुमति होगी, और स्वास्थ्य कारणों से भी चेहरा ढकने की छूट दी जाएगी।
इस कानून से पहले, यूरोप के कई देशों में भी चेहरा ढकने पर प्रतिबंध लागू है, जिनमें फ्रांस, डेनमार्क, ऑस्ट्रिया, नीदरलैंड, और बेल्जियम प्रमुख हैं। अफ्रीका और एशिया के कुछ देशों में भी इसी प्रकार के प्रतिबंध लागू हैं।