Chamoli

गैरसैंण में कल से विधानसभा सत्र, धामी सरकार पेश करेगी 7 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट

Published

on

Chamoli News : उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में 27 अक्टूबर से दो दिवसीय विधानसभा सत्र शुरू होने जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, मंत्रियों और विधायकों के सोमवार शाम तक गैरसैंण पहुंचने की संभावना है। सत्र की तैयारियों के तहत सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में तैनात अधिकारी व कर्मचारी रविवार को ही पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।

गैरसैंण में कल से विधानसभा सत्र

दो दिन के इस सत्र में राज्य सरकार करीब 7 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी। इसके अलावा विभिन्न विधेयकों और विभागों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट को भी सदन के पटल पर रखा जाएगा। सरकार ने विपक्ष के सवालों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने की तैयारी की है। वहीं, विपक्ष प्रदेश से जुड़े प्रमुख मुद्दों को उठाकर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।

कांग्रेस ने किया विधानसभा घेराव का कार्यक्रम घोषित

सत्र के पहले दिन यानी 27 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस ने विधानसभा घेराव का कार्यक्रम घोषित किया है। इसके साथ ही कांग्रेस विधायक सदन के भीतर भी विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे।

विधानसभा सचिवालय को विधायकों की ओर से अब तक 430 से अधिक प्रश्न प्राप्त हुए हैं। हालांकि, सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी, इसलिए प्रश्नकाल नहीं होगा। भोजनावकाश के बाद सरकार अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी।

विधानसभा सचिव हेम पंत ने भराड़ीसैंण पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण

विधानसभा सचिव हेम पंत ने भराड़ीसैंण पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया है। उनके साथ सचिवालय के कई अधिकारी भी गैरसैंण पहुंच चुके हैं। सोमवार को मंत्रियों, विधायकों और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने के साथ ही सत्र की तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version