Chamoli
सड़क ना होने के कारण 3 किमी पैदल चली गर्भवती, समय पर नहीं पहुंचे अस्पताल, रास्ते में हुआ प्रसव
Chamoli News : उत्तराखंड के एक गांव में सड़क सुविधा नहीं होने का खामियाजा एक गर्भवती महिला को भुगतना पड़ा। प्रसव पीड़ा से परेशान महिला को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी पीड़ा बढ़ गई और उसने एक बेटी को जन्म दे दिया।
Table of Contents
पहाड़ में सड़क की बदहाली का दर्दनाक मंजर
घटना रविवार की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक चमोली के गनोली ग्राम पंचायत के मौली तोक निवासी 24 वर्षीय गायत्री देवी को शनिवार शाम से प्रसव पीड़ा हो रही थी। गांव तक सड़क नहीं होने के कारण ग्राम प्रधान, आशा कार्यकर्ता कुसुम देवी और महिला के पति उसे पैदल ही अस्पताल ले जाने के लिए निकले।
अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में हुआ प्रसव
लेकिन मुख्य सड़क तक पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला का प्रसव हो गया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह है कि उपचार के बाद मां और नवजात बच्ची दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

सड़क ना होने के कारण ग्रामीण हैं परेशान
बताया जा रहा है कि गैन-कांगुला-सैंजकट्टा मोटर मार्ग पर तीन किलोमीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को आज भी पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद सड़क सुविधा का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।