Rajasthan

राजस्थान में स्कूल की छत गिरने से मचा हाहाकार: अभी तक 4 बच्चों की दर्दनाक मौत, कई गंभीर…लापरवाही से उजड़े घर !

Published

on

झालावाड़ (राजस्थान): राजस्थान के झालावाड़ जिले में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मनोहर थाना क्षेत्र के पीपलोदी गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की छत अचानक गिर पड़ी, जिससे पढ़ाई कर रहे मासूम बच्चे मलबे के नीचे दब गए। हादसे में अब तक 4 बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है…जबकि 17 से ज्यादा बच्चे घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है…जिन्हें झालावाड़ के बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है।

हादसे के वक्त कक्षा में करीब 60 बच्चे मौजूद थे। राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों ने अब तक मलबे से 32 बच्चों को बाहर निकाला है। बाकी बच्चों की तलाश तेज़ी से जारी है। घटनास्थल पर पुलिस बल, दांगीपुरा थाना अधिकारी और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं।

पुरानी बिल्डिंग बनी हादसे की वजह
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल की इमारत काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी….जिसकी मरम्मत लंबे समय से नहीं कराई गई थी। शुक्रवार को अचानक पूरी छत गिर गई और स्कूल में मौजूद बच्चे उसकी चपेट में आ गए।

मंत्री का ऐलान….लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
घटना पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला कलेक्टर से पूरी जानकारी लेकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। मंत्री ने कहा कि मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।

तीसरी ऐसी दर्दनाक घटना
राजस्थान में इस साल यह तीसरी बार है जब स्कूल में इस तरह की बड़ी लापरवाही सामने आई है। फरवरी में बीकानेर में पानी की टंकी की छत गिरने से 3 बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि बाड़मेर के चोहटन में स्कूल की दीवार गिरने से एक बच्चे की मौत हुई थी। करौली में भी स्कूल की छत से रिसाव की तस्वीरें हाल ही में सामने आई थीं।

सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतें मासूम बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं और हर हादसा एक बार फिर यही सवाल खड़ा करता है….कब सुधरेगी ये व्यवस्था?

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version