big news
आज खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, अक्षय तृतीया पर होगा चारधाम यात्रा का आगाज
Char Dham Yatra 2026 : अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर चारधाम यात्रा का शुभारंभ होने जा रहा है। आज गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हो जाएगा।
Table of Contents
आज खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट
आज से चारधाम यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो रहा है। यात्रा की शुरुआत के साथ ही सबसे पहले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। निर्धारित समय के अनुसार, यमुनोत्री मंदिर के कपाट दोपहर 12:35 बजे खुलेंगे, जबकि गंगोत्री धाम के कपाट शुभ मुहूर्त में दोपहर 12:15 बजे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे।

कई क्विंटल फूलों से सजाए गए गंगोत्री और यमुनोत्री धाम
कपाट खुलने के अवसर पर मां गंगा और यमुना का स्वागत करने के लिए गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की सजावट की गई है। दोनों धामों को कई क्विंटल फूलों से सजाया गया है। यात्रा के आगाज को देखते हुए दोनों धामों के यात्रा रूट पर बनी दुकानें भी सज गई हैं।
यात्रा क्षेत्र को दो सुपरजोन, 12 जोन में बांटा गया
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए पुलिस ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। पूरे यात्रा क्षेत्र को दो सुपरजोन, 12 जोन और 30 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जहां सुपरजोनल, जोनल और सेक्टर स्तर के अधिकारियों की तैनाती की गई है।
यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के मद्देनज़र 6 पुलिस थाने, 9 रिपोर्टिंग चौकियां, एक वॉच एंड वार्ड यूनिट और 13 अस्थायी (सीजनल) चौकियां स्थापित की गई हैं। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए 12 पर्यटन पुलिस चौकियां भी बनाई गई हैं।