Uttarakhand

चारधाम यात्रा 2024: 12 घंटे के भीतर लगभग 2.50 लाख तीर्थयात्रियों ने कराया पंजीकरण, बना नया रिकॉर्ड।

Published

on

देहरादून – चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण के पहले दिन रिकॉर्ड बना है। 12 घंटे के भीतर लगभग 2.50 लाख तीर्थयात्रियों ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है। इसमें केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए सबसे अधिक 85,034 पंजीकरण शामिल हैं। पंजीकरण करने के लिए उत्साह को देखते हुए पर्यटन विभाग को इस बार भी यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की आने की उम्मीद है।

चारधाम यात्रा 10 मई से शुरू हो रही है। पर्यटन विभाग ने देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सोमवार से पंजीकरण शुरू कर दिया है। सुबह सात बजे पंजीकरण के लिए वेबसाइट खोल दी गई थी। शाम सात बजे तक 2.50 लाख तीर्थयात्री अलग-अलग तिथियों में यात्रा करने के लिए पंजीकरण कर चुके हैं। पर्यटन विभाग के अनुसार पिछले साल पहले दिन लगभग 50 हजार यात्रियों ने पंजीकरण किया था।

इसकी तुलना में इस बार पांच गुणा अधिक यात्रियों ने पंजीकरण कराया है, जिससे चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ का अनुमान लगाया जा सकता है। पंजीकरण के लिए वेबसाइट खोलते ही 35 लाख यूजरों ने सर्च किया, लेकिन पंजीकरण की वेबसाइट में किसी तरह की तकनीकी दिक्कतें नहीं आई। सुचारू रूप से पंजीकरण होते रहे।

पहले दिन पंजीकरण का ब्योरा
धाम             पंजीकरण
केदारनाथ             85,034
बदरीनाथ             72,118
गंगोत्री             44,822
यमुनोत्री             43,911
हेमकुंड साहिब 2597
कुल             2,48,482

ऐसे करें पंजीकरण
पर्यटन विभाग की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर लॉगिन कर पंजीकरण किया जा सकता है। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर-8394833833 पर yatra (यात्रा) लिख कर मैसेज करके भी पंजीकरण कर सकते हैं। जो यात्री वेबसाइट पर पंजीकरण नहीं कर पाते हैं, उनके लिए पर्यटन विभाग ने टोल फ्री नंबर- 0135-1364 पर कॉल करने पर पंजीकरण की सुविधा दी है। साथ ही स्मार्ट फोन पर touristcarerttarakhand मोबाइल एप से पंजीकरण कर सकते हैं।
पिछले साल चारधाम यात्रा में 74 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया था। इसमें पूरे यात्रा काल में 56 लाख यात्रियों ने चारधामों के दर्शन किए। इस बार भी विभाग को श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे ने बताया कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 15 अप्रैल से पंजीकरण शुरू किया जा रहा है। 10 मई से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है। यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को पंजीकरण अनिवार्य रूप से करना है। – 

केदारनाथ, यमुनोत्री व गंगोत्री धाम के कपाट 10 मई को खुलेंगे, जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 12 मई को खोले जाएंगे। चारोंधामों के कपाट खुलने के बाद चारधाम यात्रा पूर्ण रूप से संचालित होगी, जबकि हेमकुंड साहिब 25 मई से शुरू होगी।

Advertisement

पर्यटकों की सुविधा के लिए पंजीकरण शुरू कर दिया है। पहले दिन पंजीकरण को देखते हुए इस बार भी यात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों में काफी उत्साह है। पर्यटन विभाग की ओर से यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version