Dehradun
मुख्यमंत्री धामी ने स्व. बिमला बहुगुणा के निधन पर जताया शोक, पार्थिव देह पर अर्पित किया पुष्पचक्र दी श्रद्धांजलि….
देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणविद् रहे स्व. सुंदर लाल बहुगुणा की पत्नी, बिमला बहुगुणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने आज शास्त्री नगर स्थित बिमला बहुगुणा के आवास पर पहुंचकर उनकी पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शोकाकुल परिवार से मिलकर उनकी हिम्मत और धैर्य बढ़ाया। साथ ही उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकित परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. बिमला बहुगुणा का योगदान न केवल पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण था, बल्कि उन्होंने समाज के लिए भी कई अहम कार्य किए थे।
स्व. बिमला बहुगुणा की विरासत को हमेशा याद रखा जाएगा, और उनके कार्यों से आने वाली पीढ़ियां प्रेरणा लेंगी। मुख्यमंत्री धामी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।