Dehradun
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 17वें कृषि विज्ञान सम्मेलन और प्रदर्शनी के ब्रोशर और पोस्टर का किया विमोचन….
देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में 17वें कृषि विज्ञान सम्मेलन और कृषि प्रदर्शनी के ब्रोशर एवं पोस्टर का विमोचन किया। यह ऐतिहासिक कृषि महाकुंभ 20 फरवरी से 22 फरवरी 2025 तक गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी और गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
इस अवसर पर गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एमएस चौहान ने सम्मेलन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के 4000 से ज्यादा प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन में पर्वतीय क्षेत्रों की कृषि में नवाचार, कृषि क्षेत्र में युवा पेशेवरों को बढ़ावा देने, डिजिटल एग्रीकल्चर, जलवायु परिवर्तन, और स्मार्ट लाइवस्टॉक फार्मिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पैनल चर्चाएँ आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा, सम्मेलन में विज्ञान में नई खोजों के लिए गुणवत्तापरक शिक्षा, मधुमक्खी पालन की संभावनाएं, गरीबी और कुपोषण से मुक्ति के लिए नए उपायों पर सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे। एक कृषि प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के 200 से अधिक संस्थान भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस आयोजन की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह सम्मेलन राज्य की कृषि क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सम्मेलन से किसानों को नई तकनीकों और कृषि क्षेत्रों में नवाचारों से लाभ मिलेगा, और उत्तराखंड के कृषि क्षेत्र में एक नई दिशा का आरंभ होगा।