Dehradun
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
देहरादून: भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने ध्वजारोहण कर राष्ट्र को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि राष्ट्र हमेशा उनके बलिदान का ऋणी रहेगा।
मुख्य सचिव ने कहा, “यह दिन हमें उन असंख्य बलिदानियों की याद दिलाता है, जिनकी वजह से हमें यह स्वतंत्रता मिली है। आज़ादी का यह उपहार हमें उनके त्याग, साहस और समर्पण की कहानी कहता है।”
अपने संबोधन में उन्होंने उत्तराखंड को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि यह लक्ष्य केवल एक कल्पना नहीं, बल्कि सच्चाई बनने की ओर बढ़ता हमारा प्रयास है। उन्होंने कहा कि राज्य ने बीते वर्षों में अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं, जो एक सशक्त उत्तराखंड की दिशा में हमारी प्रगति को दर्शाती हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपेक्षाओं के अनुरूप उत्तराखंड को मैन्युफैक्चरिंग हब, स्किल हब, आयुष प्रदेश और वैश्विक पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने पहाड़ी फसलों, मोटे अनाज और स्थानीय उत्पादों को राज्य की आर्थिकी का आधार बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन और अधिक जिम्मेदारी के साथ करें। ईमानदारी, दक्षता और नवाचार के साथ काम करते हुए हम सब मिलकर अपने राष्ट्र के सपनों को साकार कर सकते हैं।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव, अपर सचिव एवं सचिवालय प्रशासन के अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में देशभक्ति का उत्साह और समर्पण का संदेश हर चेहरे पर झलकता दिखाई दिया।