Dehradun
सीएम धामी के निर्देश: सभी सरकारी विभागों में ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के उत्पादों की खरीद होगी अनिवार्य…
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के बाद उत्तराखंड प्रदेश सरकार के अधीन सभी विभागों और कार्यालयों में होने वाली बैठकों एवं आयोजनों के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के उत्पादों की खरीद अनिवार्य कर दी गई है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ उत्तराखंड के महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों, किसान उत्पादक संगठनों और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों का कॉमन ब्रांड है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं किया था।
सचिव राधिका झा ने बताया कि ग्राम्य विकास विभाग के अधीन संचालित ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड ने गुणवत्ता के मामले में कम समय में पहचान बनाई है। ये उत्पाद ई-कॉमर्स पोर्टल पर भी उपलब्ध हैं, जिससे उपभोक्ताओं के लिए इन्हें खरीदना आसान हो गया है।
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बुधवार को सभी विभागों और कार्यालय प्रमुखों को पत्र लिखकर निर्देशित किया कि विभिन्न विभागीय और कार्यालय की बैठकों, कार्यक्रमों, समारोहों, तथा प्रमुख त्योहारों जैसे होली और दिवाली के अवसर पर ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के उत्पादों को प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जाए। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश सरकार पीएम मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ मंत्र से प्रेरित होकर ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड को बढ़ावा दे रही है। ये गुणवत्ता युक्त उत्पाद दिवाली जैसे बड़े अवसरों के लिए उपहार पैक के रूप में भी उपलब्ध हैं। सभी राज्यवासी इन उत्पादों को खरीदकर प्रदेश के ग्रामीण उद्यमियों की आजीविका बढ़ाने में योगदान दे सकते हैं।
Himalayas, Government, Products, Sustainable, Entrepreneurs, uttarakhand