Dehradun
उत्तराखंड में बढ़ेगी ठंड, 25 फरवरी से बारिश और बर्फबारी का अलर्ट…
देहरादून: उत्तराखंड में आंशिक बादलों के बीच कहीं-कहीं धूप खिल रही है, जबकि सर्द हवाएं ठिठुरन बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार और सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे तापमान में वृद्धि हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 फरवरी से प्रदेश में मौसम करवट ले सकता है और पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादलों के बीच हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद 26 और 27 फरवरी को वर्षा और बर्फबारी के दौर शुरू हो सकते हैं। 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है।
देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में शनिवार को दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही। आसमान में बादल मंडराने और हल्की हवा चलने से ठंड महसूस की गई। इसके अलावा पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदान तक सुबह और शाम कंपकंपी बनी रही। बीते दिनों चोटियों पर हुई बर्फबारी के बाद आसपास के निचले इलाकों में सर्द हवाएं लगातार ठंड बढ़ा रही हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार, आगामी 25 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय हो सकता है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और बूंदाबांदी के आसार हैं। 26 फरवरी को कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।
मौसम का ताजा अपडेट:
देहरादून: अधिकतम तापमान 23.8°C, न्यूनतम तापमान 11.6°C
ऊधमसिंह नगर: अधिकतम तापमान 25.8°C, न्यूनतम तापमान 7.4°C
मुक्तेश्वर: अधिकतम तापमान 15.2°C, न्यूनतम तापमान 4.4°C
नई टिहरी: अधिकतम तापमान 15.0°C, न्यूनतम तापमान 4.8°C
अल्मोड़ा में शनिवार को दिनभर मौसम का मिजाज बनता-बिगड़ता रहा। हवाएं चलने से ठंडक बढ़ गई और बारिश के आसार बने रहे। वहीं, जागेश्वर, वृद्ध जागेश्वर, आरतोला, जलना, मोतियापाथर, बिनसर जैसे क्षेत्रों में बादल छाने से बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने बताया कि कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।