Crime

देहरादून: शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 1.17 करोड़ की ठगी, जाखन निवासी व्यक्ति साइबर ठगों का शिकार…

Published

on

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के जाखन क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 1.17 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की गई है। पीड़ित ने इस संबंध में साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित को हाल ही में एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था, जिसमें खुद को “Ask Investment Managers Ltd.” का प्रतिनिधि बताने वाले कई लोग एडमिन थे। इस ग्रुप में शेयर बाजार से जुड़ी सलाह और मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशॉट लगातार भेजे जाते थे, जिससे पीड़ित को यकीन हो गया कि यह असली निवेश ग्रुप है।

ग्रुप की एक एडमिन महिला, जिसने खुद को प्रिया शर्मा बताया, उसने पीड़ित को “AskICPro” नाम की एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने को कहा। इस ऐप में निवेश के लिए बैंक खातों की जानकारी दी गई थी। पीड़ित ने 17 मार्च को अपनी पत्नी के खाते से 50,000 रुपये जमा किए। कुछ ही देर में ऐप पर 10,000 रुपये का लाभ भी दिखाया गया। इससे उत्साहित होकर पीड़ित ने अगले कुछ दिनों में कई बार में 1.17 करोड़ रुपये तक निवेश कर दिए।

हालांकि जब उन्होंने अपनी लाभ की रकम निकालनी चाही, तो उन्हें कई तरह की शर्तें बताई गईं, जैसे कि “5 लाख रुपये से कम निकासी नहीं हो सकती”, या “निकासी से पहले अतिरिक्त निवेश जरूरी है”। इस तरह निकासी को बार-बार टाल दिया गया।

4 अप्रैल तक पीड़ित ने कुल 1.17 करोड़ रुपये ऐप में बताए गए खातों में NEFT, RTGS और अन्य माध्यमों से जमा कर दिए। जब एक भी रुपया वापस नहीं मिला, तो उन्हें ठगी का शक हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई।

सीओ साइबर क्राइम अंकुश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। साइबर टीम एप, बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

#CyberFraud #StockMarketScam #InvestmentAppFraud #DehradunCyberCrime #CroreDuped

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version