Uttarakhand

Dehradun : नौकरी के नाम पर 32 लाख की धोखाधड़ी करने वाला अभियुक्त नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार

Published

on

Dehradun : लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार

देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अभियुक्त चारू चन्द्र जोशी को पिथौरागढ़ के एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त पर स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगाने का झूठा आश्वासन देकर एक नर्सिंग असिस्टेंट से करीब 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

अभियुक्त खुद को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताकर विभागीय अधिकारियों से पहचान होने का झूठा दावा करता था और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा देकर उनसे रकम ऐंठता था।

शादी और सरकारी नौकरी का झांसा देकर 32 लाख की ठगी

दिनांक 17 अगस्त 2026 को वादिनी ने थाना नेहरू कॉलोनी में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत है। उसकी मुलाकात चारू चन्द्र जोशी से शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई थी।

वादिनी के अनुसार अभियुक्त ने खुद को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए उच्चाधिकारियों से संपर्क होने का झूठा आश्वासन दिया। इसके साथ ही उसने वादिनी से शादी करने और उसे स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इस दौरान अलग-अलग तारीखों में उससे करीब 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।

प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा अपराध संख्या 331/26, धारा 318(4) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस ने पिथौरागढ़ से किया गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद थाना नेहरू कॉलोनी में पुलिस टीम का गठन किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अभियुक्त के खिलाफ पहले भी लोगों को नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।

पुलिस टीम ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से अभियुक्त के संबंध में जानकारी जुटाई। इस दौरान पता चला कि अभियुक्त पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है और पिथौरागढ़ के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में है।

सूचना मिलने पर पिथौरागढ़ पुलिस से समन्वय स्थापित करते हुए पुलिस टीम को पिथौरागढ़ भेजा गया। गोपनीय माध्यम से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने 21 अगस्त 2026 को अभियुक्त चारू चन्द्र जोशी को पिथौरागढ़ के एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

इसके बाद उसे पिथौरागढ़ में माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया और देहरादून लाया गया।

पहले स्वास्थ्य विभाग में संविदा फार्मासिस्ट था अभियुक्त

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह वर्ष 2016 में संविदा पर स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत था। वर्ष 2022 में जनपद नैनीताल में उसके विरुद्ध धोखाधड़ी और दुष्कर्म के अभियोग पंजीकृत होने पर वह जेल गया था। इसके बाद उसे स्वास्थ्य विभाग की नौकरी से हटा दिया गया था।

जेल से बाहर आने के बाद अभियुक्त ने अपनी पूर्व नौकरी और विभागीय पहचान का फायदा उठाकर लोगों को गुमराह करना शुरू कर दिया।

सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर ऐंठता था मोटी रकम

पुलिस के अनुसार अभियुक्त खुद को स्वास्थ्य विभाग में नियुक्त बताते हुए विभागीय अधिकारियों से अच्छी पहचान होने का झांसा देता था। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को सरकारी नौकरी लगवाने का झूठा आश्वासन देकर वह उनसे मोटी रकम ऐंठता था।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वर्तमान प्रकरण में वादिनी से प्राप्त रकम में से अधिकांश धनराशि उसने अपने विरुद्ध पूर्व में दर्ज मुकदमों के सेटलमेंट के लिए संबंधित व्यक्तियों को दे दी है।

पूछताछ में सामने आए तथ्यों का पुलिस द्वारा अभिलेखीय और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है।

किसी परीक्षा एजेंसी या चयन प्रक्रिया से जुड़े व्यक्ति से संपर्क के साक्ष्य नहीं

विवेचना में अभियुक्त से पूछताछ और अब तक प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर उसके द्वारा नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देकर लोगों के साथ व्यक्तिगत धोखाधड़ी करना प्रकाश में आया है।

अभियुक्त के किसी भी परीक्षा एजेंसी अथवा चयन प्रक्रिया से जुड़े व्यक्तियों से किसी भी प्रकार के संपर्क में होने के कोई साक्ष्य प्राप्त नहीं हुए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

चारू चन्द्र जोशी, पुत्र उमेश चन्द्र जोशी, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सिली, पोस्ट गरुड़, थाना बैजनाथ, जनपद बागेश्वर। हाल निवासी 14 फ्रेंड्स कॉलोनी, दून एरिया, केयर ऑफ हरीश बिष्ट, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास

  1. मु0अ0सं0- 17/2022, धारा 420 भादवि, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।
  2. मु0अ0सं0- 41/2022, धारा 420 भादवि, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।
  3. मु0अ0सं0- 42/2022, धारा 420 भादवि, कोतवाली ऋषिकेश।
  4. मु0अ0सं0- 84/2022, धारा 420 भादवि, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।
  5. मु0अ0सं0- 13/2022, धारा 376(2) भादवि, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल।
  6. मु0अ0सं0- 437/2024, धारा 318(4) बीएनएस, कोतवाली काशीपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर।
  7. मु0अ0सं0- 331/2026, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस, थाना नेहरू कॉलोनी, जनपद देहरादून।

पुलिस टीम

  • उ0नि0 मनोज नौटियाल, थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी
  • उ0नि0 गिरीश चन्द्र बडोनी, चौकी प्रभारी जोगीवाला
  • का0 विनोद बचकोटी
  • का0 विपिन सेमवाल
  • हे0कां0 किरन, एसओजी
  • का0 आशीष राठी, एसओजी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version