Dehradun
DEHRADUN: बार सील मामले के बाद देहरादून में गनर हटाने पर बढ़ा विवाद, SSP ने दिया स्पष्टिकरण…
देहरादून: राजधानी देहरादून में रोमियो लेन बार पर जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रशासन ने अपर जिलाधिकारी (एडीएम) और एसडीएम स्तर के अधिकारियों से उनके गनर वापस ले लिए हैं, जिसको लेकर जिले में हलचल मच गई है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर पुलिस और जिला प्रशासन के बीच तनाव को बढ़ा दिया है।
इस विवाद पर एसएसपी कार्यालय को सफाई देनी पड़ी। एसएसपी कार्यालय ने यह स्पष्ट किया है कि गनर हटाने का निर्णय सुरक्षा कारणों के तहत लिया गया है। एसएसपी कार्यालय का कहना है कि गंगा स्नान के लिए हरिद्वार में पुलिस फोर्स की भारी कमी है और इसके अलावा देहरादून में विधानसभा का सत्र और कुछ बड़े प्रदर्शन प्रस्तावित हैं, जिससे पुलिस की तैनाती की आवश्यकता है। एसएसपी कार्यालय ने यह भी बताया कि अन्य जगहों से पुलिस कर्मियों को तैनात किया जा रहा है, जिसके कारण कुछ अधिकारियों से गनर वापस लिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने पहले ही राजपुर स्थित बार और रेस्टोरेंट में गुपचुप कार्रवाई करते हुए बार को सील कर दिया था, जिसके बाद ही यह चर्चा शुरू हो गई कि पुलिस ने इस कार्रवाई के चलते गनर वापस लिए हैं। यह मामला तब और जटिल हो गया जब अपर जिलाधिकारी और एसडीएम स्तर के अधिकारियों से गनर की वापसी की खबरें सामने आईं। इसके बाद से जिला प्रशासन और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
फिलहाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने इस मुद्दे पर एक बयान जारी किया है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और मामले की जांच जारी रखी जा रही है। हालांकि जिला प्रशासन की तरफ से अब तक किसी भी अधिकारी ने इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
#Dehradun, #Gunnerdispute, #Barsealing, #SSPclarification, #Districtadministration