देहरादून: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार आज अपने दूसरे कार्यकाल का चौथा बजट पेश करने जा रही है। यह बजट लगभग 1 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है, जिसमें लोक लुभावन और कल्याणकारी घोषणाओं की उम्मीद जताई जा रही है। आर्थिक विश्लेषकों के मुताबिक, इस बजट में 2027 के विधानसभा चुनावों की रणनीतिक छाप देखने को मिल सकती है। आज, 20 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया जाएगा।
उत्तराखंड की धामी सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में आज चौथा बजट पेश करेगी। राज्य के विकास को गति देने के लिए इस बजट में करीब 1 लाख करोड़ रुपये के आवंटन की संभावना है। अनुमान है कि सरकार इस बजट में बुनियादी ढांचे, रोजगार और किसानों के लिए अहम घोषणाएं कर सकती है, ताकि राज्य की जीडीपी को दोगुना किया जा सके। विशेष रूप से इस बजट में राज्य के आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कुछ रणनीतिक घोषणाएं भी की जा सकती हैं।
उत्तराखंड में 2022 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने बंपर बहुमत हासिल किया था, और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी बीजेपी ने राज्य की सभी पांच लोकसभा सीटों पर कब्जा जमाया था। इसके अलावा, जनवरी 2025 में हुए नगर निकाय चुनावों में भी बीजेपी ने विपक्षी कांग्रेस को हराकर एक और बड़ी जीत हासिल की थी। इन जीतों के बाद, धामी सरकार का यह बजट खासतौर पर समाज के विभिन्न वर्गों, खासकर युवाओं और महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पिछले बजट का आकार 89,230 करोड़ रुपये था, जो वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा 27 फरवरी 2024 को पेश किया गया था। इस बजट में सुरक्षा, बुनियादी ढांचे, हरित ऊर्जा, सामाजिक कल्याण के साथ-साथ शिक्षा और खेल के क्षेत्र पर विशेष जोर दिया गया था।