Dehradun
देहरादून: डीएम सविन बंसल ने एयरपोर्ट के समीप बिना एनओसी के निर्माण कार्यों की रिपोर्ट की तलब…
देहरादून: भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण देहरादून पर्यावरण समिति की बैठक आज जिलाधिकारी सविन बसंल की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्टे्रट में आयोजित की गई। बैठक में हवाई अड्डे के प्रचालन क्षेत्र में बर्ड हिट की घटनाओं और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने 10 किमी परिधि के भीतर सुरक्षा उपायों को और अधिक सख्त करने का आदेश दिया। उन्होंने एयरपोर्ट के समीप बिना एनओसी के हो रहे अनाधिकृत निर्माण के मामले में एसडीएम डोईवाला, एमडीडीए, और एयरपोर्ट के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण करने और आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी/प्रशासक नगर पालिका परिषद डोईवाला को क्षेत्र में गार्बेज प्वाइंट की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। गार्बेज प्वाइंट्स पर पक्षियों का मण्डराना हवाई जहाज की लैडिंग के दौरान टकराव की संभावनाओं को बढ़ा सकता है। इसलिए इन स्थानों से कूड़े का निस्तारण कर गार्बेज प्वाइंट्स को हटाने की आवश्यकता जताई गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जयभारत सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा ढौंडियाल, एयरपोर्ट एथ्योरिटी के निदेशक प्रभाकर मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सी.एस रावत, एमडीडीए के सहायक अभियंता अतुल गुप्ता, नगर पालिका परिषद डोईवाला के मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन सिंह रावत, एसडीएफओ वन अमित सिंह रावत, और एयरपोर्ट के डीजीएम नितिन कुमार सहित कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
#DM , #Airport, #Unauthorizedconstruction, #Birdsafetymeasures, #Garbagepointsremoval