Dehradun
देहरादून: गैस गोदाम पर बड़े वाहनों से गैस आपूर्ति पर रोक, न्यायालय ने डीएम के आदेश को रखा यथावत, क्षेत्रवासियों में खुशी…
देहरादून: देहरादून के तपोवन रोड रायपुर क्षेत्र के निवासियों द्वारा की गई शिकायत पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने इण्डेन गैस गोदाम पर बड़े वाहनों से गैस आपूर्ति पर रोक लगा दी है। यह फैसला जनहित और सुरक्षा के दृष्टिकोण से लिया गया है। दरअसल, क्षेत्र में गैस गोदाम के पास बड़े ट्रकों से गैस की आपूर्ति की जा रही थी, जो घनी आबादी वाले क्षेत्र में सुरक्षा जोखिम पैदा कर रहा था।
निवासियों ने 18 जनवरी 2025 को शिकायत पत्र में बताया कि यह गोदाम उस समय स्थापित हुआ था जब यहां कोई मकान नहीं थे, लेकिन अब इलाके में मकान बन चुके हैं। यहां रोजाना 300-400 सिलेंडरों से भरे ट्रक आते हैं, जिससे मार्ग संकरा होने के कारण कई बार घरों की बाउंड्री और छज्जे को नुकसान हुआ है। क्षेत्रवासियों को डर था कि इस प्रकार के गोदाम में गैस सिलेंडर रखे जाने से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम और जिला पूर्ति अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान पाया गया कि गैस गोदाम पर 360 सिलेंडर वाले बड़े वाहनों से गैस की आपूर्ति की जा रही थी, जो अब क्षेत्र के लिए खतरनाक हो सकती थी। इसके बाद, डीएम ने गैस आपूर्ति के लिए छोटे ट्रकों (288 सिलेंडर वाले वाहनों) से गैस आपूर्ति करने का आदेश दिया।
गैस एजेंसी द्वारा इस आदेश के खिलाफ उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई थी, लेकिन अदालत ने डीएम के आदेश को यथावत रखते हुए रिट खारिज कर दी। इसके बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और इस फैसले पर खुशी जाहिर की।
#Dehradun #GasSupply #SafetyMeasures #DMOrder #CourtRuling