Dehradun

देहरादून कलेक्ट्रेट में जनता दर्शन, 88 शिकायतों पर अफसरों की त्वरित कार्रवाई

Published

on

Dehradun News: जनता दर्शन में छलका लोगों का दर्द, जमीन कब्जे और पारिवारिक विवादों पर सख्ती

Dehradun News: जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में जनता दर्शन (Janta Darshan Dehradun) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा ने की। इस दौरान कुल 88 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। इसके अलावा, आपसी विवाद, सामाजिक और व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े कई मामलों को भी जनता दर्शन में उठाया गया। अपर जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व प्रभावी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए।

जनता दरबार में उठे संवेदनशील मामले

कार्यक्रम के दौरान नई बस्ती, चंदरनगर निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि उनका बेटा उनके साथ मारपीट करता है और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (ADM) ने उप जिलाधिकारी (SDM) सदर को भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत वाद दायर कराने के निर्देश दिए। वहीं, प्रगति विहार विकास संस्था, अजबपुर द्वारा प्रस्तुत शिकायत में बताया गया कि लेन नंबर-6 स्थित एक खाली प्लॉट पर संदिग्ध व्यक्तियों और भूमाफियाओं द्वारा कब्जा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। इस पर नगर निगम और तहसीलदार सदर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसी कड़ी में ग्राम पंचायत चकजोगीवाला के निवासियों ने शिकायती पत्र के माध्यम से आरोप लगाया कि भूमाफियाओं द्वारा समाज की भूमि पर अवैध कब्जा किया जा रहा है, साथ ही 18 मीटर चौड़े नाले पर भी अतिक्रमण कर लिया गया है। इस प्रकरण में उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को समाज की भूमि को कब्जा-मुक्त कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, शास्त्री नगर, डाकरा कैंट निवासी निर्मला देवी ने अवगत कराया कि उनके पति वर्ष 2012 से लापता हैं। उन्होंने पति को मृत घोषित करते हुए कैंट बोर्ड से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने का अनुरोध किया। इस पर अपर जिलाधिकारी ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी, देहरादून कैंट को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

e-Shram Scheme, आर्थिक सहायता से जुड़ी शिकायत पर निर्देश

जनता दरबार (Janta Darshan Dehradun) के दौरान शिकायतकर्ता हनीफ ने अपने दिवंगत भाई वसीम अहमद, जो एक श्रमिक थे और जिनका 21 जनवरी 2022 को कार्य के दौरान निधन हो गया था। के संबंध में e-Shram Scheme के अंतर्गत देय अनुग्रह राशि के भुगतान हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उनकी शिकायत आईडी एलबी57117 वर्तमान में बंद दर्शाई जा रही है, जबकि अब तक मृतक की पत्नी को अनुग्रह राशि प्राप्त नहीं हुई है। इससे परिवार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने मामले की पुनः जांच कराने के निर्देश देते हुए संबंधित विभाग को नियमानुसार अनुग्रह राशि का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

कार्यक्रम के समापन पर अपर जिलाधिकारी (ADM) के.के. मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र राहत मिल सके और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version