Dehradun
देहरादून : लक्ष्मण सिद्ध के जंगल में खो गईं 5 महिलाएं, SDRF ने ऐसे बचाई जान
Dehradun News : देहरादून के हर्रावाला क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के पास स्थित घने जंगल में घूमने गई पांच महिलाएं रास्ता भटक गईं। काफी प्रयास के बावजूद जब वे जंगल से बाहर नहीं निकल सकीं तो स्थानीय पुलिस के माध्यम से इसकी सूचना राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) को दी गई। जिसके बाद उनका सफल रेस्क्यू किया गया।
Table of Contents
घने जंगल में भटकी पांच महिलाओं के लिए बनी SDRF जीवनरक्षक
घने जंगल में भटकी पांच महिलाओं के लिए SDRF जीवनरक्षक बनी। सात जुलाई 2026 को सायंकाल डीसीआर देहरादून और चौकी हर्रावाला से राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) को सूचना प्राप्त हुई कि चौकी हर्रावाला क्षेत्रान्तर्गत लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के निकट घने जंगल में पांच महिलाएं रास्ता भटक गई हैं।
खुद बाहर निकलने में असमर्थ हैं। सूचना प्राप्त होते ही SDRF वाहिनी मुख्यालय से मुख्य आरक्षी शैलेंद्र रावत के नेतृत्व में अलर्ट टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

जंगल में12 किलोमीटर भीतर तक चलाया गया अभियान
घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम ने स्थानीय पुलिस और वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से सर्च अभियान प्रारंभ किया। घने जंगल, दुर्गम भू-भाग व चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने लगातार पैदल सर्चिंग करते हुए लगभग 12 किलोमीटर भीतर तक अभियान संचालित किया।
सभी पांचों महिलाओं को सकुशल किया रेस्क्यू
लगातार अथक प्रयासों के उपरांत SDRF टीम ने जंगल के भीतर सभी पांचों महिलाओं को सकुशल खोज निकाला। इसके पश्चात टीम ने सभी महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू करते हुए पैदल जंगल से बाहर निकालकर रोड हेड तक पहुंचाया तथा उन्हें सकुशल चौकी हर्रावाला के सुपुर्द किया।