Dehradun

देहरादून में 24 घंटे के भीतर तीन हत्याओं से सनसनी, कहीं नशा तो कहीं संपत्ति विवाद बना वजह

Published

on

Dehradun News : राजधानी देहरादून में पिछले 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन वारदातों में कहीं मामूली विवाद ने एक किशोर की जान ले ली, तो कहीं संपत्ति विवाद में युवक की हत्या कर दी गई। वहीं, नशे की लत में एक बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली।

पहली घटना: मामूली विवाद में किशोर की मौत

देहरादून के सुरी चौक पर लड़कों के बीच हुए विवाद के बाद 15 वर्षीय अर्श की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अर्श के दोस्त ही उसे अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचे और फिर वहां से फरार हो गए। परिजनों ने उसके दोस्तों पर संदेह जताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

दूसरी घटना: संपत्ति विवाद में युवक की हत्या

दूसरी वारदात रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में सामने आई, जहां संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक पर खुखरी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले में गौरव नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

तीसरी घटना: नशे के लिए रुपये नहीं मिले तो पिता की हत्या

तीसरी और सबसे रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन की है। यहां नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय नितिन राणा ने अपने 62 वर्षीय पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे नितिन अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। रुपये देने से इनकार करने पर वह दरांती लेकर भांजे पर हमला करने दौड़ा। ऋषभ किसी तरह वहां से भाग निकला। इसी दौरान पिता मदन राणा बेटे को रोकने और समझाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि पिता की डांट से गुस्साए नितिन ने उन पर चाकू से वार कर दिया।

सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

लगातार सामने आई इन तीन हत्याओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज 24 घंटे के भीतर तीन परिवारों की खुशियां उजड़ गईं। अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं की जांच में क्या खुलासे करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version