Delhi
दिल्ली मेट्रो में AI आधारित निगरानी, यात्रियों की सुरक्षा के लिए क्राउड मॉनिटरिंग और अलार्म सिस्टम लागू !
नई दिल्ली – दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के सभी सात स्टेशनों पर एआई आधारित चेहरा पहचान प्रणाली लगाने का फैसला किया है। इसके लिए निविदा जारी कर दी गई है, और योजना को छह महीने के भीतर लागू करना है। इस परियोजना पर 5.54 करोड़ रुपये खर्च होंगे, और चयनित कंपनी को इसे पांच साल तक संचालित और मेंटेन करना होगा।
यह नई प्रणाली एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के सभी एएफसी गेटों पर अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों का उपयोग करेगी, जो 50 से अधिक वस्तुओं को मानव के रूप में पहचानने की क्षमता रखते हैं। इन कैमरों से हर प्रवेश और निकासी बिंदु पर निगरानी रखी जाएगी, और सात दिनों तक वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित की जाएगी।
दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन में कुल सात स्टेशन हैं, जिनमें नई दिल्ली, शिवाजी स्टेडियम, धौला कुआं, दिल्ली एयरोसिटी, एयरपोर्ट, द्वारका सेक्टर-21, और यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 शामिल हैं। इन स्टेशनों के कुल 19 प्रवेश और निकासी बिंदुओं पर यह प्रणाली लागू होगी।
सुरक्षा और निगरानी में सुधार
एआई आधारित चेहरा पहचान प्रणाली सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रणाली एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों की निगरानी में मदद करेगी, और उन व्यक्तियों की पहचान करने में सक्षम होगी जिनके विदेश जाने पर रोक लगी है या जो आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं।
पुलिस को मिलेगा सहयोगपुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि कोई संदिग्ध यात्री जो हवाई यात्रा करने पर प्रतिबंधित है, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से यात्रा कर रहा है, तो एआई कैमरा तुरंत इसकी जानकारी संबंधित एजेंसियों को दे देगा। इसके अलावा, संदिग्ध व्यक्ति के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी।
क्राउड मॉनिटरिंग और अलार्म सिस्टमनई तकनीक में क्राउड मॉनिटरिंग, स्मार्ट सर्च, सर्विलांस, और अलार्म सिस्टम जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। इसके लिए आठ मेगापिक्सल अल्ट्रा एचडी कैमरे लगाए जाएंगे, जो डीएसएलआर आधारित लेंस से लैस होंगे और एआई तकनीक पर काम करेंगे।
#AISurveillance, #PassengerMonitoring, #CrowdMonitoring, #AlarmSystem, #DelhiMetro