Breakingnews

पंडित राम सुमेर शुक्ल की 47वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी श्रद्धांजलि

Published

on

मेडिकल कॉलेज में सीएम धामी ने किया माल्यार्पण और शिलापट्ट का अनावरण

रुद्रपुर: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं तराई क्षेत्र के संस्थापक पंडित राम सुमेर शुक्ल की 47वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री धामी रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रांगण में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने शुक्ला जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके जीवन परिचय पर आधारित शिलापट्ट का अनावरण किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

“राष्ट्रभक्ति और त्याग के प्रतीक थे पंडित शुक्ल” — मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंडित राम सुमेर शुक्ल राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण के प्रतीक थे। छात्र जीवन से ही उनकी राष्ट्र सेवा की भावना अद्वितीय थी। वर्ष 1936 में मात्र 21 वर्ष की आयु में उन्होंने लाहौर अधिवेशन में मोहम्मद अली जिन्ना के द्विराष्ट्रवाद सिद्धांत का मुखर विरोध कर देशभर का ध्यान आकर्षित किया। गांधी जी से प्रेरित होकर उन्होंने वकालत छोड़ स्वतंत्रता आंदोलन में अपने आप को समर्पित कर दिया। अनेक बार जेल जाने और यातनाएँ झेलने के बाद भी उनका साहस कभी नहीं डिगा। ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के दौरान उन्होंने युवाओं को संगठित कर आंदोलन को नई दिशा दी।

तराई क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव रखी

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी पंडित शुक्ल ने किसानों, स्वतंत्रता सेनानियों और तराई क्षेत्र के विकास को अपना जीवन लक्ष्य बनाया। तराई कॉलोनाइजेशन योजना के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव रखी। रुद्रपुर और तराई का वर्तमान स्वरूप उनकी दूरदृष्टि का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पंडित जी की इस विरासत को उनके पुत्र और मेरे मित्र राजेश शुक्ल आगे बढ़ा रहे हैं।

क्षेत्र में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाएँ

सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऊधमसिंह नगर और रुद्रपुर क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएँ प्रगति पर हैं — रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण, लगभग 590 करोड़ की लागत से रुद्रपुर बाईपास, खटीमा–टनकपुर और गदरपुर–जसपुर चार लेन सड़कों का निर्माण, तथा 55 करोड़ की लागत से मानूनगर–गदरपुर–दिनेशपुर–हल्द्वानी मार्ग का चौड़ीकरण तेज़ी से हो रहा है।

उन्होंने बताया कि रुद्रपुर रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण, नई सिग्नल लाइनें, दो रेल ओवरब्रिज, मास्टर ड्रेनेज प्लान की मंजूरी, महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट्स, 15 करोड़ की लागत से कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और 17 करोड़ की लागत से एडवांस वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का कार्य चल रहा है। किच्छा में 351 करोड़ से एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर बन रहा है और पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण तेजी से चल रहा है। गदरपुर व खटीमा में बाईपास, किच्छा व खटीमा में आधुनिक बस अड्डे तथा रुद्रपुर, गदरपुर और चकरपुर में खेल सुविधाओं का विस्तार भी जारी है।

औद्योगिक उन्नति की दिशा में बड़े कदम

मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर में अरोमा पार्क, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, काशीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर और पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क क्षेत्र की उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। खुरपिया में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी भी आर्थिक प्रगति में मील का पत्थर सिद्ध होगी। जमरानी बांध परियोजना को पुनः प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे तराई क्षेत्र को सिंचाई और पेयजल की स्थायी सुविधा मिलेगी। गन्ना किसानों के लिए समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी भी की गई है।

सरकार का लक्ष्य: आधुनिक और समृद्ध तराई क्षेत्र

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का “विकल्प रहित संकल्प” तराई क्षेत्र को आधुनिक, विकसित और समृद्ध बनाना है — यह पंडित राम सुमेर शुक्ल का स्वप्न भी था, जिसे साकार करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version