Uttarakhand
धराली आपदा: मलबे में दबे बाबा कल्प केदार मंदिर की मिली लोकेशन, ग्रामीणों ने लगाई हनुमान झंडी
उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में पांच अगस्त को आई भीषण आपदा के बाद मलबे में दबे बाबा कल्प केदार मंदिर की लोकेशन आखिरकार मिल गई है। ग्रामीणों की मांग पर आईटीबीपी और एसडीआरएफ की टीमों ने जियोफिजिकल रडार (GPR) तकनीक से मलबे के नीचे खोजबीन की, जिसमें मंदिर की स्थिति करीब 8 से 10 फीट गहराई में चिन्हित की गई है।
जैसे ही इसकी जानकारी मिली, ग्रामीणों ने राहत व बचाव दल के जवानों के साथ मिलकर मंदिर स्थल पर हनुमान झंडी स्थापित की। ग्रामीणों का मानना है कि जिस तरह पहले राजराजेश्वरी की मूर्ति मलबे के नीचे से मिली, उसी प्रकार बाबा कल्प केदार मंदिर भी जल्द ही सुरक्षित रूप से मिल जाएगा और एक बार फिर दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा।
मंदिर समिति के सचिव संजय पंवार ने बताया कि गुरुवार सुबह आईटीबीपी और एसडीआरएफ की टीमों ने मंदिर की संभावित जगह की पुष्टि की। इसके बाद स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में वहां पहुंचे और सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना करते हुए झंडी स्थापित की।
पंवार ने कहा, “जब तक बाबा का मंदिर नहीं मिल जाता, तब तक उस स्थान पर रोज सुबह-शाम हनुमान झंडी की पूजा की जाएगी।”
गौरतलब है कि पांच अगस्त की आपदा में धराली बाजार क्षेत्र में कई बहुमंजिला इमारतें, होटल और ऐतिहासिक कल्प केदार मंदिर मलबे में दब गए थे। घटना के बाद से NDRF, ITBP और SDRF की टीमें लगातार GPR व रेको डिटेक्टर मशीनों से खोजबीन में जुटी हैं।
अब जबकि मंदिर की संभावित लोकेशन मिल चुकी है, ग्रामीणों को उम्मीद है कि बहुत जल्द उन्हें अपने बाबा के फिर से दर्शन होंगे।