देहरादून: राजधानी देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘ऊर्जा निगमों के कार्मिकों द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ऊर्जा निगम के सैकड़ों कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जोरदार स्वागत किया और उनके समर्थन में ‘सीएम धामी ज़िंदाबाद’ के नारे लगाए।
कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री द्वारा ऊर्जा निगम के कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में किए गए कार्यों के लिए सीएम धामी का आभार व्यक्त किया। कर्मचारियों ने कहा कि बीते कुछ समय में सरकार ने कर्मचारी कल्याण से जुड़ी नीतियों को गंभीरता से लिया है और उनकी मांगों के निराकरण के लिए सकारात्मक कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार हर कर्मचारी की भूमिका को राज्य के विकास में अहम मानती है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी कर्मचारी हितों को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लिए जाएंगे।