Dehradun
टनकपुर-बागेश्वर रेलवे लाइन का फील्ड सर्वे पूरा, रेल मंत्री ने दी जानकारी
देहरादून: उत्तराखंड में टनकपुर-बागेश्वर के बीच 170 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन के लिए फील्ड सर्वे पूरी हो चुकी है और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) भी तैयार हो गई है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 48,692 करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि, इस रेल परियोजना में यातायात संभावनाएं कम बताई गई हैं। यह जानकारी रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट के सवाल के जवाब में दी।
रेलमंत्री ने बताया कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे मंजूरी के लिए राज्य सरकारों, अन्य हितधारकों के साथ परामर्श और नीति आयोग तथा वित्त मंत्रालय की अनुमति लेनी होती है। चूंकि रेल परियोजनाओं की मंजूरी एक सतत प्रक्रिया है, इसलिए कोई निश्चित समय-सीमा तय करना संभव नहीं है।
रेल बजट में भारी वृद्धि
रेलमंत्री ने यह भी बताया कि उत्तराखंड के लिए रेल अवसंरचना के बजट आवंटन में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है। 2009-2014 के बीच सालाना 187 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में यह बजट 4,641 करोड़ रुपये हो गया है। राज्य में अब तक 216 किलोमीटर लंबी तीन नई रेल लाइनों को 40,384 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी जा चुकी है।
दिल्ली-देहरादून की दूरी घटेगी
रेल मंत्री ने कहा कि देवबंद-रुड़की नई रेल लाइन परियोजना (27 किमी) पूरा हो चुका है, जिससे दिल्ली से देहरादून की दूरी लगभग 40 किलोमीटर कम हो जाएगी। इसके अलावा, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन (125 किमी) पर तेज़ी से काम चल रहा है, जिसमें से कुल 213 किमी में से 199 किमी टनलिंग का काम पूरा हो चुका है।
अमृत भारत स्टेशन योजना और ब्रिज निर्माण
उत्तराखंड के कई प्रमुख रेलवे स्टेशन—जैसे देहरादून, हरिद्वार, काशीपुर, काठगोदाम, रामनगर, टनकपुर आदि—को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास के लिए चुना गया है।
2014 से 2025 के बीच राज्य में 106 रोड ओवर ब्रिज और रोड अंडर ब्रिज बन चुके हैं। इसके अलावा, नौ और ब्रिज प्रस्तावित हैं, जिनके लिए 158 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।