Crime
आईटीआई गैंग का सरगना समेत चार गिरफ्तार, गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज
हल्द्वानी (जिला नैनीताल): हल्द्वानी शहर में दहशत फैलाने वाले कुख्यात आईटीआई गैंग के खिलाफ नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मारपीट, फायरिंग और लूटपाट जैसी वारदातों में शामिल इस गैंग के लीडर देवेंद्र सिंह बिष्ट समेत चार शातिर बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा है। सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, ये गैंग लंबे समय से हल्द्वानी में संगठित अपराध में लिप्त था।
पुलिस की सख्त कार्रवाई, SSP ने दी जानकारी
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रामपुर रोड के एक होटल के पास छापा मारकर चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें गैंग लीडर देवेंद्र सिंह बिष्ट, और उसके साथी आदित्य नेगी (25), देवेंद्र सिंह बोरा (22) और नवीन सिंह मेहरा (21) शामिल हैं। चारों के खिलाफ हल्द्वानी के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।
फायरिंग, तलवारबाजी और लूट से फैलाते थे दहशत
पुलिस का कहना है कि यह गैंग लोगों को डराने-धमकाने, खुलेआम मारपीट, फायरिंग, तलवार और चाकू से हमला करने तथा लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैलाता था। गैंग के सदस्य पूर्व में भी जेल जा चुके हैं, लेकिन जमानत पर छूटने के बाद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो जाते थे। इस बार पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है।
SSP मीणा ने कहा कि शहर में कानून का राज कायम रहेगा। ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का मकसद है….जनता को भयमुक्त वातावरण देना।
क्या है गैंगस्टर एक्ट?
गैंगस्टर एक्ट (Gangsters Act) एक सख्त कानून है, जिसके तहत अपराधियों की संपत्ति जब्त की जा सकती है और उन्हें जमानत पाना भी मुश्किल हो जाता है। यह कानून उन अपराधियों पर लगाया जाता है जो संगठित रूप से लगातार अपराध कर रहे होते हैं।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने की अपराध समीक्षा बैठक
इधर, कुमाऊं रेंज की आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने हल्द्वानी के पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मंडल के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, उधमसिंहनगर और अल्मोड़ा के कप्तान और वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। आईजी ने कहा कि जनता में पुलिस के प्रति विश्वास कायम करना हमारी प्राथमिकता है। लंबित मामलों का जल्द खुलासा किया जाए और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाए। उन्होंने अपराधों के अनसुलझे मामलों पर नाराज़गी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।