Dehradun
मजेदार ड्रामा: होटल में मौज, पुलिस को दी टेंशन…
देहरादून – एक प्रॉपर्टी डीलर ने खुद के अपहरण की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी यह योजना तब बेनकाब हो गई जब पुलिस ने होटल में उसे उसके दो दोस्तों के साथ पकड़ा। यह मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसमें आरोपी ने अपने विरोधियों को फंसाने के लिए यह कुटिल योजना बनाई थी।
डालनवाला पुलिस को सूचना मिली कि अमित मैगी नामक प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण हो गया है। मामला गंभीर मानते हुए पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
मुखबिर की सूचना से खुला राज
इसी दौरान, एक मुखबिर ने पुलिस को बताया कि अमित मैगी होटल में मौजूद है। पुलिस ने तुरंत होटल पर छापा मारा, जहां अमित अपने दो साथियों के साथ देखा गया। पुलिस को देखकर अमित घबरा गया और उसने अपनी सारी कहानी उगल दी।
अमित मैगी, जो राजपुर रोड का निवासी है, ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को अपने साथियों विधान विश्नोई और साजिद के साथ होटल आया था। उसने कहा कि उसका राजपुर रोड पर एक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था और वह अपने विरोधियों को फंसाने के लिए अपहरण की झूठी कहानी बनाई।
पुलिस ने की गिरफ्तारी
एसएसपी अजय सिंह ने पुष्टि की कि पुलिस ने अमित और उसके दो साथियों को पुलिस को गुमराह करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने इस घटना को गंभीरता से लिया और कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।