Roorkee
सरकारी विद्यालय में छात्राओं का भविष्य संकट में, कस्तूरबा गांधी विद्यालय में चिकन साफ करते वीडियो वायरल !
लक्सर: प्रदेश सरकार जहां एक ओर सरकारी स्कूलों में बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए शिक्षा को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर सरकारी विद्यालयों में बच्चों का भविष्य राम भरोसे नजर आ रहा है। ताजा मामला बहादराबाद विकास खंड के रानी माजरा गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से सामने आया है, जहां विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं से भोजन बनाने और झूठे बर्तन तक धोने का काम कराया जा रहा है। छात्राओं का यह भी आरोप है कि उन्हें झूठे बर्तनों का दूध भी दिया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो में कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राएं चिकन साफ करते हुए नजर आ रही हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद जब हमारी टीम ने रानी माजरा गांव के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का दौरा किया, तो पूरा मामला खुलकर सामने आया। छात्राओं ने कैमरे के सामने अपनी परेशानियां बताते हुए कहा कि विद्यालय में उनसे भोजन बनाने का काम लिया जा रहा है, और बर्तन भी धोने के लिए कहा जा रहा है। यहां तक कि उन्हें झूठे बर्तनों का दूध भी दिया जा रहा है।
वहीं, जब हमारी टीम ने वायरल वीडियो पर विद्यालय की वार्डन तन्नू चौहान से प्रतिक्रिया जाननी चाही, तो उन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इनकार किया। बाद में वार्डन ने कहा कि विद्यालय में चिकन नहीं बनाया गया था, बल्कि चिकन पहले से बना हुआ था और सिर्फ उसे गर्म किया गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि बच्चों ने चिकन खाने की इच्छा जताई थी, और इसके लिए उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी से अनुमति ली थी। हालांकि, वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्राएं कच्चे चिकन को साफ कर रही हैं।
जब कैमरे के सामने छात्राओं ने अपनी बात रखी और विद्यालय में हो रहे अनुचित व्यवहार के बारे में बताया, तो वार्डन ने छात्राओं को कैमरे से हटा दिया और उनसे कुछ भी बोलने से मना कर दिया। इस पूरे मामले में अब यह देखना बाकी है कि क्या शिक्षा विभाग इस पर कोई ठोस कदम उठाता है या यहां छात्राओं के भविष्य के साथ यूं ही खिलवाड़ होता रहेगा।
यह मामला शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े करता है, और आने वाला समय ही बताएगा कि इस पर क्या कार्रवाई की जाती है।
#KasturbaGandhiSchool, #StudentsForcedtoCook, #ViralVideoChickenCleaning, #AllegationsAgainstSchoolWarden, #GovernmentSchoolMismanagement