Chamoli
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का ज्योर्तिमठ किया दौरा, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं…
जोशीमठ: गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने जोशीमठ और ज्योर्तिमठ नगर का दौरा किया, जहां पर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान बलूनी ने पहले अपने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना।
सांसद बलूनी ने सबसे पहले आईटीबीपी के अधिकारियों के साथ औली क्षेत्र का निरीक्षण किया और वहां के पर्यटन विकास पर चर्चा की। उन्होंने इस क्षेत्र को विश्व पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए स्थानीय नागरिकों से सुझाव भी लिए।
सांसद बलूनी ने केंद्रीय खेल मंत्री श्री मनसुख मांडवीया से फोन पर वार्ता की और औली के विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। केंद्रीय मंत्री मांडवीया ने सहमति देते हुए कहा कि अगले दो-तीन सप्ताह में वह स्वयं बलूनी के साथ औली आएंगे और यहां की स्कीइंग संभावनाओं का अध्ययन करेंगे। इसके बाद, वे इस क्षेत्र के लिए एक व्यापक योजना तैयार करेंगे।
इसके अलावा, बलूनी ने तपोवन के गंगा पार स्थित भंग्यूल गांव के ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। बाद में, उन्होंने सीमांत घाटी के सुराही थोटा क्षेत्र का दौरा किया। यहां ग्रामीणों ने उनका ढोल-दमोह और फूल-मालाओं से स्वागत किया। सुराही थोटा के ग्राम प्रधान लक्ष्मण बुटोला ने सांसद बलूनी का परिचय कराया और गांव की मूलभूत समस्याओं को उनके सामने रखा।