Dehradun
मुख्यमंत्री धामी और आइसलैंड राजदूत की उपस्थिति में भूतापीय ऊर्जा समझौता संपन्न , MOU हुआ साइन…
देहरादून : उत्तराखंड सरकार और आइसलैंड की प्रमुख कंसलटिंग इंजीनियर्स कंपनी वर्किस (VERKIS) के बीच प्रदेश में भूतापीय ऊर्जा के अन्वेषण और विकास के संबंध में महत्वपूर्ण समझौता संपन्न हुआ। यह समझौता सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आइसलैंड के राजदूत डॉ. बेनेडिक्ट हॉस्कुलसन की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअली उपस्थित रहे।
समझौते के तहत, उत्तराखंड सरकार और वर्किस कंपनी भूतापीय ऊर्जा के अन्वेषण और इसके विकास के लिए सहयोग करेंगे। इस पहल से राज्य में स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के स्रोतों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे ऊर्जा संकट से निपटने में मदद मिलेगी और पर्यावरण को भी फायदा होगा।

समझौते पर हस्ताक्षर करते समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का लक्ष्य राज्य में स्वच्छ ऊर्जा के स्रोतों का विस्तार करना है और भूतापीय ऊर्जा इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से राज्य में ऊर्जा क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी और प्रदेश को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक नई दिशा मिलेगी।
समारोह में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, दिलीप जावलकर, दीपेंद्र चौधरी, विशेष सचिव / रेजिडेंट कमिश्नर अजय मिश्रा, अपर सचिव रंजना राजगुरु, प्रबंध निदेशक यू.जे.वी.एन. लिमिटेड संदीप सिंघल, प्रबंध निदेशक पिटकुल पी.सी. ध्यानी समेत वर्किस कंपनी के हैंकर हैरोल्डसन, रंजीत कुंना और आइसलैंड एंबेसी से राहुल चांगथम भी उपस्थित थे।