Uttarakhand

खुशखबरी! यमुनोत्री में हेलीकॉप्टर की सफल लैंडिंग, जल्द शुरू होगी सेवा !

Published

on

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा 30 अप्रैल से शुरू होने वाली है, ऐसे में राज्य सरकार और संबंधित जिला प्रशासन ने यात्रा की व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां यमुनोत्री के गरुड़गंगा के पास स्थित हेलिपैड पर हेलीकॉप्टर ने सफल लैंडिंग की है।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) द्वारा लगभग ₹60 लाख की लागत से यह हेलिपैड बनाया जा रहा है। हेलीकॉप्टर ने दो दिन से लैंडिंग की कोशिश की थी और बुधवार को इसे सफलता मिली। यूकाडा द्वारा किए गए प्रयास के बाद अब इस हेलिपैड का परीक्षण किया गया, जिससे वहां की परिस्थितियों और मौसम की जानकारी प्राप्त की जा सकी।

मंगलवार को पहली बार हेलीकॉप्टर ने लैंडिंग का प्रयास किया था, लेकिन तकनीकी कारणों से उसे वापस लौटना पड़ा था। लेकिन बुधवार दोपहर हेलीकॉप्टर ने सफल लैंडिंग की और थोड़ी देर रुकने के बाद वापस लौट गया।

बड़कोट थानाध्यक्ष दीपक कठैत ने इस सफल लैंडिंग की पुष्टि करते हुए कहा कि गरुड़गंगा के पास हेलिपैड पर हेलीकॉप्टर लैंडिंग ट्रायल सफल रहा है। यमुनोत्री मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने कहा कि यमुनोत्री धाम में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से यह चारधाम यात्रा और आपातकालीन स्थिति के लिए एक वरदान साबित होगा।

इसके अलावा, यमुनोत्री मंदिर के समीप सिंचाई विभाग द्वारा मलबे को हटाकर समतलीकरण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। जुलाई 2023 में यमुनोत्री में आई आपदा के दौरान यमुना नदी ने मंदिर, गर्मकुंड और जानकीचट्टी क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया था। प्रशासन ने इस कार्य के लिए करीब ₹18 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की थी, जिसके बाद सिंचाई विभाग ने यह कार्य शुरू किया है।

हालांकि, यमुनोत्री मंदिर समिति और तीर्थ पुरोहितों ने इस कार्य पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि बिना मशीनों के बाढ़ सुरक्षा कार्यों को नहीं होने दिया जाएगा। मंदिर समिति ने स्पष्ट रूप से कहा है कि लीपापोती नहीं की जाएगी और इस कार्य को प्रभावी बनाने के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया जाए।

#YamunotriHelicopterPad #HelicopterLandingSuccess #HeliServiceStart #CharDhamYatra #UttarakhandHelicopterService

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version